हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: मंगलवार 10 जून 2025
लखनऊ: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान में 9.94 करोड़ रुपये के घोटाले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। हजरतगंज थाने में स्टेट एजेंसी साचीज के नोडल अधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR दर्ज कराई है। इस घोटाले में 39 अस्पतालों द्वारा 6239 लाभार्थियों के नाम पर फर्जी भुगतान हड़पने का आरोप है।
पुलिस इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के अनुसार, नोडल अधिकारी ने शिकायत में कहा है कि एजेंसी के सीईओ, मैनेजर और लेखाधिकारी की ईमेल आईडी का दुरुपयोग कर यह फर्जीवाड़ा किया गया। साचीज का दफ्तर अशोक मार्ग स्थित नवचेतना केंद्र बिल्डिंग के चौथे तल पर है। यह एजेंसी राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) पोर्टल के माध्यम से आयुष्मान कार्ड धारकों के इलाज के खर्च का ऑनलाइन भुगतान करती है।
कैसे हुआ घोटाला? आयुष्मान योजना के तहत अस्पताल कार्ड धारकों के इलाज का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड करते हैं, जिसे साचीज की ओर से ऑडिट के बाद ऑनलाइन मंजूरी दी जाती है। इस प्रक्रिया में लेखाधिकारी और सीईओ की मंजूरी के बाद ही बैंकों के माध्यम से अस्पतालों को भुगतान किया जाता है। साचीज के ऑडिट में खुलासा हुआ कि 39 अस्पतालों को 6239 लाभार्थियों के नाम पर 9.94 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जो वास्तव में एजेंसी के किसी भी अधिकारी ने स्वीकृत नहीं किया था।
जांच में मचा हड़कंप एजेंसी की छानबीन में पाया गया कि सीईओ, वित्त प्रबंधक और लेखाधिकारी की लॉग-इन आईडी का दुरुपयोग कर यह गड़बड़ी की गई। इस खुलासे के बाद पुलिस ने साक्ष्य संकलन शुरू कर दिया है और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की तैयारी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















