अलीगढ़, 17 मई 2025 — विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर शनिवार को अलीगढ़ के महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में ‘रन फॉर हेल्थ’ और वॉकथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5:30 बजे मुख्य अतिथि आयुक्त, अलीगढ़ मण्डल, श्रीमती संगीता सिंह की अध्यक्षता में हुई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री संजीव रंजन एवं अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अलीगढ़ मण्डल, डॉ. राजेश कटियार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य जनसामान्य को उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) के प्रति जागरूक करना एवं इससे बचाव हेतु स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। मंच से मुख्य अतिथि संगीता सिंह सहित अन्य अतिथियों ने उपस्थित लोगों को उच्च रक्तचाप के खतरे, इसके कारण, लक्षण तथा रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ दिनचर्या, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि जागरूकता ही बचाव का सबसे सशक्त माध्यम है।
‘रन फॉर हेल्थ’ कार्यक्रम के अंतर्गत 400 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पुरुष एवं महिला वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडलायुक्त संगीता सिंह द्वारा पदक पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री संजीव रंजन ने कहा कि आज की बदलती जीवनशैली और बढ़ता तनाव अनेक गैर संचारी रोगों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने संतुलित आहार, तनावमुक्त जीवन और खेल-कूद को दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया।
चिकित्साधिकारी (कंसल्टेंट) डॉ. राजेन्द्र वार्ष्णेय ने उच्च रक्तचाप की गंभीरता को समझाते हुए बताया कि यदि समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए, तो यह हृदयाघात, स्ट्रोक और किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने इससे बचाव हेतु नियमित जांच, दवा का पालन और जीवनशैली में सुधार जैसे उपायों को अपनाने पर बल दिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि वर्तमान समय में खराब जीवनशैली, जैसे जंक फूड, शारीरिक निष्क्रियता और अत्यधिक मानसिक तनाव, गैर संचारी रोगों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने सभी से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की।
















