• Home
  • UP
  • यूपी में घुमंतू जातियों के लिए बनेगा बोर्ड, योगी सरकार का बड़ा ऐलान
Image

यूपी में घुमंतू जातियों के लिए बनेगा बोर्ड, योगी सरकार का बड़ा ऐलान

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने घुमंतू और विमुक्त जातियों के कल्याण के लिए बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आयोजित विमुक्त जाति दिवस समारोह में घोषणा की कि प्रदेश में घुमंतू जातियों के लिए एक विशेष बोर्ड का गठन किया जाएगा। इस बोर्ड के माध्यम से नट, बंजारा, बावरिया, सासी, कंजड़, कालबेलिया, सपेरा और जोगी जैसी जातियों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

सीएम योगी ने कहा कि इन जातियों के लोगों को कॉलोनी और मकान उपलब्ध कराने पर सरकार काम कर रही है। साथ ही इनके बच्चों को पुलिस भर्ती में भी अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये जातियां भारत के इतिहास में हमेशा वीरता और साहस का प्रतीक रही हैं। कभी मुगलों के खिलाफ तो कभी अंग्रेजों के खिलाफ इन्होंने योद्धाओं की तरह संघर्ष किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंग्रेज इनके पराक्रम से भयभीत होकर 1871 में क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट लागू कर दिया था, जिसके तहत इन्हें जन्म से अपराधी घोषित कर दिया गया था। यह कलंक स्वतंत्रता के बाद भी 1952 तक जारी रहा। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के प्रयासों से 31 अगस्त 1952 को इन जातियों को इससे मुक्ति मिली। इसी ऐतिहासिक क्षण की स्मृति में हर वर्ष विमुक्त जाति दिवस मनाया जाता है।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार बीते 11 वर्षों से इन जातियों के कल्याण के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य कर रही है। शिक्षा और आवास के क्षेत्र में कई योजनाएं लागू की गई हैं। प्रदेश में 9 जिलों में जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, वहीं दो आवासीय आश्रम पद्धति विद्यालय प्रारंभ हो चुके हैं। इसके अलावा पहले से 101 आवासीय विद्यालय चल रहे हैं, जहां छात्रों को रहने, खाने और यूनिफॉर्म की सुविधा दी जा रही है।

सरकार ने 264 राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों में भी विमुक्त जातियों के बच्चों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बोर्ड बनने के बाद इन जातियों का सामाजिक और आर्थिक विकास और तेज़ी से होगा।

Releated Posts

2027 में पैरवी से नहीं, जमीनी पकड़ और सर्वे से तय होगा भाजपा का टिकट

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ : 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों से सबक लेते हुए उम्मीदवार चयन में बदलाव…

ByByHindustan Mirror News Oct 1, 2026

यूपी में नहीं चलेंगे हुक्का बार, हाईकोर्ट ने खारिज की स्मोकिंग एरिया की दलील

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ : हुक्का तैयार करना और उपकरण उपलब्ध कराना भी सर्विस का हिस्सा, गैर-धूम्रपान करने वालों…

ByByHindustan Mirror News Sep 29, 2026

औरैया की जिला टॉपर अनुष्का को पढ़ाई के लिए मिला लैपटॉप

औरैया।हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: जिले की टॉपर छात्रा अनुष्का कश्यप को आगे की पढ़ाई के लिए लैपटॉप मिला है।…

ByByHindustan Mirror News Sep 23, 2026

पूजा के विवाद से खूनी वारदात, चार हत्याओं के बाद कमांडो ऑपरेशन में अरविंद ढेर

पत्नी और दो पंडितों की हत्या के बाद तीन बच्चों को लेकर कमरे में हुआ था बंद, ऑपरेशन…

ByByHindustan Mirror News Sep 23, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *