हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़, 3 सितम्बरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत बीपीएड और एमपीएड पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित छात्रों के लिए एक सप्ताह का इंडक्शन कार्यक्रम के आयोजन के साथ की। उद्घाटन सत्र में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही और प्रेरणादायक भाषणों की प्रस्तुति हुई।
मुख्य अतिथि डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, प्रो. रफीउद्दीन ने विश्वविद्यालय संसाधनों का समग्र विकास के लिए प्रभावी उपयोग करने पर बल दिया। उन्होंने छात्रों से शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया तथा एएमयू की विविध सुविधाओं को अपने करियर और व्यक्तित्व निर्माण के लिए उपयोग करने की सलाह दी।
विशिष्ट अतिथि एएमयू के ओएसडी (डेवलपमेंट) प्रो. आसिम जफर ने वर्तमान शैक्षणिक परिप्रेक्ष्य में स्वेयम एमओओसी पाठ्यक्रमों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने छात्रों से इन ऑनलाइन संसाधनों को कक्षा शिक्षण के साथ जोड़कर अपने कौशल को निखारने और वैश्विक ज्ञान से अद्यतन रहने की अपील की।
शिक्षा संकाय के डीन एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष, प्रो. इकराम हुसैन ने इंडक्शन कार्यक्रमों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को शैक्षणिक संस्कृति एवं संस्थागत मूल्यों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मोहम्मद अरशद बारी ने बताया कि यह एक सप्ताहीय कार्यक्रम छात्रों को शैक्षणिक यात्रा के दौरान सतत मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेगा। इस दौरान इंटरैक्टिव सत्र, शैक्षणिक नियमों की जानकारी, व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं तथा एएमयू की संस्कृति एवं मूल्यों से परिचय जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम का समापन प्रो. जमीरुल्लाह खान द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने अतिथियों, शिक्षकों और छात्रों के योगदान को सराहा।















