🔆 हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी क्षेत्र में जायदाद विवाद को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। एडवोकेट वेद प्रकाश ‘मणि’ ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कुछ साम्प्रदायिक तत्व उनकी पैतृक संपत्ति पर वक्फ का झूठा दावा कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
वेद प्रकाश का कहना है कि उनकी माता स्व. श्रीमती किरण देवी ने यह संपत्ति वर्ष 1982 में खरीदी थी। इसके बाद कई बार असामाजिक तत्वों ने झूठे दावे किए, जिन्हें अदालतों ने खारिज कर दिया। यहां तक कि प्रयागराज हाईकोर्ट ने विपक्षियों पर 25 हजार रुपये का हर्जाना भी लगाया था। बावजूद इसके, विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा।
आरोप है कि बीते 11 सितंबर की शाम को तथाकथित मुस्लिम पार्टी का स्वघोषित नेता यामीन खान अब्बासी अपने साथियों के साथ पहुंचा और साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश की। वेद प्रकाश ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षियों ने पूरे परिवार को जिंदा जलाने की धमकी दी है। इससे परिवार दहशत में है।
इस मामले पर एसीएम प्रथम विनीत मिश्रा ने समाधान दिवस पर दोनों पक्षों को बुलाकर साफ कहा कि जिस पक्ष के पास वैध कागजात होंगे, वही संपत्ति पर अधिकार रखेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना सबूत माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही, थाना पुलिस को निर्देश दिए गए कि यदि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की स्थिति बने तो तुरंत कठोर कदम उठाए जाएं।
एसीएम ने यह भी आश्वासन दिया कि एडवोकेट परिवार को पूरी सुरक्षा दी जाएगी और साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।













