हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़, 13 सितम्बरः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विज्ञान भवन नई दिल्ली में पांडुलिपि धरोहर पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में ज्ञान भारतम पोर्टल के शुभारंभ को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में भी लाइव प्रसारण के दौरान शिक्षकों व छात्रों द्वारा देखा गया।
अलीगढ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सैय्यद हामिद सीनियर सेकेंडरी स्कूल (बॉयज) में इस लाइव वेबकास्ट का आयोजन किया गया, जिसमें प्राचार्य सबाहुद्दीन और उप-प्राचार्य मोहम्मद जावेद खान की मौजूदगी में बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र शामिल हुए।
यह कार्यक्रम एसटीएस स्कूल में भी आयोजित किया गया। ऑडियो-विजुअल लैब में प्रिंसिपल फैसल नफीस और छात्रों और शिक्षकों ने प्रधानमंत्री के सत्र का लाइव प्रसारण देखा। सत्र ने सभी को भारत की ज्ञान और बौद्धिक परंपराओं की सराहना करने और इसे भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने की प्रेरणा दी।
दृष्टिहीन छात्रों के लिए अहमदी स्कूल में भी शिक्षक और छात्र असेंबली हॉल में यूट्यूब के जरिए उत्साहपूर्वक सत्र में शामिल हुए। प्राचार्य डॉ. नायला राशिद ने इस पहल की सराहना करते हुए सभी छात्रों से देश की सांस्कृतिक और पांडुलिपि धरोहर का सम्मान करने की अपील की।
लाइव सत्र ने एएमयू के स्कूलों में सभी छात्रों और शिक्षकों को प्रेरित किया और भारत की पांडुलिपि धरोहर के प्रति सम्मान और सीखने-सीखाने की प्रतिबद्धता बढ़ाई।















