हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़, 20 सितम्बर 2025। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।
डीएम ने निर्देश दिए कि 05 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 11 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जाए। साथ ही 05 अक्टूबर तक सर्पदंश नियंत्रण पखवाड़ा भी आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग 29 सितम्बर तक अपना माइक्रोप्लान स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराएं और अन्तर्विभागीय समन्वय से धरातल पर कार्य सुनिश्चित करें। रैली के माध्यम से जनता को संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता और दस्तक अभियान की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों व शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, एंटी-लार्वा स्प्रे, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव और गड्ढों की भराई जैसे कार्य प्राथमिकता पर किए जाएं। साथ ही ग्राम प्रधानों और पंचायत सहायकों को प्रशिक्षण में शामिल करना अनिवार्य होगा।
महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुहेल ने बताया कि जिले में अब तक सर्पदंश के 115 मामले सामने आए, जिनमें एक व्यक्ति की मृत्यु हुई। उन्होंने आमजन को सर्पदंश से जुड़ी भ्रांतियों से दूर रहने की अपील की। सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने कहा कि सीएचसी और जिला अस्पतालों में एंटी स्नेक विनम वैक्सीन उपलब्ध है।
बैठक में पीडी भाल चंद त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी यतेन्द्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी के.के. रॉय, मलेरिया अधिकारी डॉ. विनीता मिश्रा, डीआईओएस डॉ. पूरन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में डीएम ने सभी को अभियान की शपथ भी दिलाई।













