हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़, 08 अक्टूबर 2025 : सेवायोजन विभाग द्वारा 14 और 15 अक्टूबर को गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में भव्य रोजगार महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। विशेष रूप से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ओमान की नामी कंपनियों में 10,655 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी राजीव कुमार चौधरी ने बताया कि इन पदों में कन्स्ट्रक्शन वर्कर, सुपरवाइजर रिंगिंग, मोबाइल पंप ऑपरेटर, ट्रांजिट मिक्सर ड्राइवर, फोरमैन सिविल, हेवी ट्रक ड्राइवर, बस चालक, शटरिंग कारपेंटर और कंस्ट्रक्शन हेल्पर जैसे पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग के रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर जॉबसीकर श्रेणी में पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन के बाद अभ्यर्थी रोजगार महाकुंभ में प्रतिभाग कर सकेंगे।
इसी के साथ जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुनहरी लाल ने जानकारी दी कि पूर्वदशम (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। आवेदन scholarship.up.gov.in पर ऑनलाइन किए जा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थी, जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक न हो, शादी की तिथि से 90 दिन पूर्व या बाद में shadianudan.upsdc.gov.in पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इन योजनाओं से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को राहत और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
















