हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
खतरनाक घोषित इमारत का हिस्सा भरभराकर गिरा, एक महिला को जीवित निकाला गया
भिवंडी (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी स्थित नारपोली इलाके में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। भंडारी कंपाउंड में स्थित चार मंजिला जर्जर ‘कोहिनूर’ इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय इमारत के निचले हिस्से में काम कर रहे 6 से 7 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, भिवंडी-निजामपुर नगर निगम, फायर ब्रिगेड और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
स्थानीय विधायक महेश चौगुले के अनुसार नगर निगम ने इस इमारत को पहले ही ‘सी-कैटेगरी’ (अति-जर्जर और खतरनाक) घोषित कर खाली करा दिया था। हालांकि, इमारत के भूतल पर कुछ मजदूर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान भवन का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और मजदूर मलबे में फंस गए।
एक महिला को सुरक्षित निकाला, बचाव अभियान जारी
NDRF की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मलबे में फंसी एक महिला को जीवित बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। अधिकारियों के मुताबिक मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राहत कार्य लगातार जारी है।
जेसीबी और कटर से हटाया जा रहा मलबा
रेस्क्यू अभियान में NDRF, फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें जेसीबी मशीनों तथा विशेष कटर की मदद से मलबा हटाने में जुटी हैं। प्रशासन का कहना है कि जब तक सभी संभावित फंसे लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक बचाव अभियान जारी रहेगा। पूरे इलाके को सुरक्षा कारणों से घेरकर आम लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई है।

















