हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
पांच दिन तक प्रभावित हो सकता है बैंकिंग कामकाज, 30 सितंबर की हाफ-इयरली क्लोजिंग पर भी असर की आशंका
नई दिल्ली। बैंक कर्मचारियों की 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को लेकर वित्त मंत्रालय ने बैंक यूनियनों से आंदोलन वापस लेने और लंबित मुद्दों का समाधान बातचीत के जरिए करने की अपील की है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने पांच दिन के कार्य सप्ताह समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया है। मंत्रालय का कहना है कि कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों पर पहले ही सकारात्मक कदम उठाए जा चुके हैं।
यदि प्रस्तावित हड़ताल होती है तो बैंकिंग सेवाओं पर व्यापक असर पड़ सकता है। 28 सितंबर से पहले सप्ताहांत की छुट्टियां होने के कारण शाखाओं में लगातार कई दिनों तक कामकाज प्रभावित रहने की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा हड़ताल की अवधि 30 सितंबर की हाफ-इयरली क्लोजिंग के आसपास पड़ रही है। यह अवधि खातों के मिलान, प्रोविजनिंग, ट्रेजरी और अन्य बैंकिंग गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में ग्राहकों, कारोबारियों और सरकारी लेन-देन पर असर पड़ने की आशंका है।
कर्मचारियों के हित में उठाए गए कदमों का हवाला
वित्त मंत्रालय ने कहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मंत्रालय के अनुसार कर्मचारियों के वेतन और भत्तों में वृद्धि, नए पे-स्केल के क्रियान्वयन और स्टाफ वेलफेयर फंड का विस्तार जैसे कदम उठाए गए हैं। असिस्टेंट जनरल मैनेजर से चीफ जनरल मैनेजर तक के उच्च पदों की संख्या बढ़ाने का भी उल्लेख किया गया है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि कर्मचारियों से जुड़े परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) को बातचीत के बाद स्थगित किया गया था।
समय से पहले वेतन समझौते की प्रक्रिया
मंत्रालय के मुताबिक बैंक कर्मचारियों के वेतन संशोधन और भत्तों से जुड़े अगले द्विपक्षीय समझौते की बातचीत भी समय से पहले शुरू कर दी गई है। इसका उद्देश्य नवंबर 2027 की निर्धारित समयसीमा से पहले प्रक्रिया पूरी करना है।
पांच दिन के कार्य सप्ताह की मांग पर मंत्रालय का कहना है कि शनिवार को बैंक शाखाओं का खुलना आम लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। सरकार ने यूनियनों से हड़ताल के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की है।
#BankStrike #BankEmployees #BankingNews #UFBU #FinanceMinistry

















