मलबे से दो बच्चों समेत चार लोग निकाले गए, अस्पताल में भर्ती; पुलिस-फायर टीमों का रेस्क्यू अभियान जारी
नई दिल्ली।हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ : राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में छह लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह है कि रेस्क्यू टीम अब तक दो बच्चों समेत चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल चुकी है। सभी को एंबुलेंस से राजीव गांधी अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, फायर कंट्रोल रूम को दोपहर करीब 3:15 बजे सीमापुरी में इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और बचावकर्मी मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। जिले की पुलिस उपायुक्त आरती बीना भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 25 गज जमीन पर बनी इस इमारत के निचले हिस्से में दुकानें थीं, जबकि ऊपर चार मंजिल बनी हुई थीं। बताया जा रहा है कि इमारत का निर्माण पिछले वर्ष ही हुआ था। इमारत के मालिक समेत परिवार के अन्य सदस्यों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक सभी लापता लोगों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
सीमापुरी गोल चक्कर से भोपुरा तक ट्रैफिक प्रभावित
हादसे के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित है। पुलिस ने लोगों से घटनास्थल के आसपास जाने से बचने, वाहन पार्क नहीं करने और भीड़ नहीं लगाने की अपील की है, ताकि एंबुलेंस और राहत-बचाव वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।
एक महीने पहले सत्य निकेतन में भी ढही थी इमारत
दिल्ली में करीब एक महीने पहले 6 सितंबर को सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने से सात लोगों की मौत हुई थी। शुरुआती जांच में बेसमेंट में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान पिलर कमजोर होने और पानी जमा होने की बात सामने आई थी। सीमापुरी की घटना ने एक बार फिर राजधानी में इमारतों की सुरक्षा और निर्माण मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।













