फेसबुक पर हुई दोस्ती, फिर प्यार में बदला रिश्ता
हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 9 अप्रैल: 2025,
आगरा (उत्तर प्रदेश) के किंग पार्क एवेन्यू होटल में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना घटी, जब एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की शादी तय हो जाने से नाराज होकर खुद को आग लगा ली। युवक का नाम चंद्रशेखर है, जो चांदी की ढलाई का काम करता है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी दोस्ती फेसबुक के जरिए नेहा शर्मा (काल्पनिक नाम) से हुई थी। नेहा तलाकशुदा थी और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। चंद्रशेखर ने न सिर्फ नेहा के तलाक में मदद की, बल्कि दोनों के बीच प्रेम संबंध भी बन गए।
नेहा की शादी तय हुई तो टूटा चंद्रशेखर
नेहा के परिवार वालों ने हाल ही में उसका रिश्ता एक अन्य युवक से तय कर दिया था। यह बात चंद्रशेखर को पांच-छह दिन पहले पता चली, जिसके बाद से वह परेशान रहने लगा और नेहा पर मिलने का दबाव बनाने लगा।
होटल में बुलाया, फिर किया ऐसा खौफनाक कदम
मंगलवार सुबह करीब 11:15 बजे चंद्रशेखर ने नेहा को किंग पार्क एवेन्यू होटल बुलाया। होटल में दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताकर कमरा नंबर 201 लिया। थोड़ी देर बाद जब नेहा फ्रेश होकर कमरे से बाहर आई, तो उसे कमरे में ज्वलनशील पदार्थ की गंध आई। उसने जब चंद्रशेखर से पूछा तो पता चला कि वह खुद को जलाने की धमकी दे रहा है और नेहा से अपने पिता को फोन कर शादी रोकने की मांग कर रहा है।
इंकार करने पर युवक ने खुद को लगा ली आग
नेहा ने समझाने की कोशिश की कि इस विषय पर घर जाकर बात करेंगे, लेकिन चंद्रशेखर गुस्से में आ गया और अपने सिर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर माचिस से खुद को आग लगा ली। यह देख नेहा चीख पड़ी और बगल में रखा कंबल उठाकर आग बुझाने की कोशिश करने लगी, जिससे उसके दोनों हाथ बुरी तरह जल गए।
होटल स्टाफ और मेहमान भी रह गए दंग
घटना की आवाजें सुनकर होटल के कर्मचारी और गेस्ट दौड़े-दौड़े कमरे तक पहुंचे। उन्होंने अग्निशमन यंत्र और कंबलों से आग बुझाने का प्रयास किया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
80 प्रतिशत तक झुलसा चंद्रशेखर, हालत गंभीर
चंद्रशेखर 80 प्रतिशत तक जल चुका है और उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। उसका चेहरा, गला और शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह झुलस चुका है। वह बोलने में भी असमर्थ है। वहीं नेहा के दोनों हाथ भी झुलस गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर नेहा के पिता मौके पर पहुंचे और बेटी को अपने साथ ले गए।
पुलिस कर रही जांच, होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
पुलिस के अनुसार, चंद्रशेखर पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। नेहा की 2022 में शादी हुई थी, लेकिन वह पति की प्रताड़ना से परेशान होकर तलाक ले चुकी थी। दोनों का रिश्ता समाज की दृष्टि से स्वीकार्य नहीं था, इसलिए नेहा के परिजन उसकी दूसरी शादी तय कर चुके थे। पुलिस अब इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

















