हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 3 मई : 2025,
अधिकारियों को समय का सदुपयोग कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश
अलीगढ़, 03 मई 2025 – शासन के निर्देशानुसार माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत गभाना तहसील में आज जिलाधिकारी श्री संजीव रंजन की अध्यक्षता में जनसमस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम जनता को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान है, अतः सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं।

जिलाधिकारी श्री रंजन ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि अधिकारी समय का सदुपयोग करें। यदि किसी अधिकारी के पास कोई नया शिकायती प्रकरण नहीं है, तो उन्हें पूर्व में निस्तारित मामलों की गुणवत्ता की समीक्षा एवं सत्यापन करना चाहिए।

समाधान दिवस में कुल 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। शेष शिकायतों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्यवाही जारी है।
समाधान दिवस के अवसर पर एडीएम वित्त मीनू राणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी, पीडी डीआरडीए भाल चंद त्रिपाठी, डीडीओ आलोक आर्य, उपजिलाधिकारी गभाना विनीत मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार तोमर, तहसीलदार उदयवीर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।














