हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 4 मई : 2025,
अलीगढ़, 4 मई 2025
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2025 का आयोजन आज अलीगढ़ जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) सर्वदानंद के अनुसार, जिले के सभी कोचिंग सेंटर और फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। किसी भी कोचिंग सेंटर के खुले पाए जाने पर उसका पंजीकरण रद्द किया जा सकता है।
परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जाएगा।
सख्त नियम लागू:
परीक्षार्थियों को तलाशी, रजिस्ट्रेशन और बायोमीट्रिक सत्यापन जैसी अनिवार्य प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। परीक्षा केंद्रों में घड़ी, मोबाइल, कैलकुलेटर, पर्स, बैग, आभूषण या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण रूप से पाबंदी है।
परीक्षा केंद्रों पर क्लॉक रूम की सुविधा नहीं होगी, इसलिए परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे कोई भी गैर-ज़रूरी सामान साथ न लाएं।














