हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑15 मई : 2025
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव राजा भैया ने मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह के खिलाफ कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान देने को लेकर सिविल लाइंस थाना अलीगढ़ में तहरीर दी है। साथ ही उन्होंने मंत्री विजय शाह के खिलाफ रासुका (राष्ट्र सुरक्षा कानून) लगाने की भी मांग की है।
राजा भैया ने बताया कि कर्नल सोफिया कुरैशी ने हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रेसवार्ता की थी, जिसके बाद मंत्री विजय शाह ने उन पर आपत्तिजनक और विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मंत्री द्वारा दी गई अभद्र टिप्पणी से न केवल कर्नल सोफिया का अपमान हुआ है बल्कि इससे भारतीय सेना का भी मनोबल गिरा है। राजा भैया ने यह भी कहा कि मंत्री का यह बयान देश विरोधी है और पाकिस्तान जैसे शत्रु देशों को फायदा पहुंचाएगा।
युवा कांग्रेस के अन्य नेताओं आमिर चौधरी, शारिक चौधरी, अंसार सिद्दीकी, सुहैल मुसर्रत, आशिफ मनुआ, वसीम ठाकुर, सुमित ठाकुर और अनुराग भी इस मौके पर मौजूद रहे। आमिर चौधरी ने भाजपा से मांग की है कि वे अपने मंत्री को तत्काल बर्खास्त करें।

















