हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 6 मई : 2025,
अलीगढ़ के खैर तहसील के गांव सुजानपुर खेड़ा स्थित चौधरी डेयरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डेयरी को सील कर दिया है। 5 मई को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोहित कुमार द्वारा संचालित इस डेयरी पर छापा मारा, जहां पर बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर और पनीर बनाने का घोल बरामद हुआ।
छापे के दौरान टीम को लगभग 10 क्विंटल मिलावटी पनीर मिला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2.80 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त करीब 2800 लीटर पनीर बनाने का घोल भी बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2.24 लाख रुपये बताई जा रही है। इन दोनों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

टीम ने 500 किलोग्राम पिसी हुई सोयाबीन दाल भी जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है। इसके अलावा पामोलिन तेल का भी एक नमूना संग्रहित किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पनीर के तीन नमूने, पनीर बनाने के घोल के तीन नमूने, सोयाबीन दाल का एक नमूना और पामोलिन तेल का एक नमूना विश्लेषण के लिए संग्रहित किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एटा जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियेश सिंह, त्रिभुवन नारायण, महेंद्र सिंह, परमवीर सिंह आदि अधिकारी शामिल रहे।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, दीनानाथ यादव ने जानकारी दी कि मौके पर मौजूद सभी नकली उत्पादों को नष्ट करा दिया गया है और डेयरी को सील कर दिया गया है।

















