हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ सोमवार 2 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़, 2 जून: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने जन औषधि योजना, साइबर सुरक्षा और सिविल डिफेंस जैसे तीन अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर छात्रों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित प्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉ. रोशन सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए जन कल्याण और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जन औषधि योजना की उपयोगिता बताते हुए सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता को स्वास्थ्य सेवाओं के democratization की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
साइबर सुरक्षा के विषय पर बोलते हुए डॉ. सिंह ने डेटा प्राइवेसी, डिजिटल नैतिकता और ऑनलाइन व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों को बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर जागरूकता अनिवार्य हो गई है।
साथ ही उन्होंने सिविल डिफेंस में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया और आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता, जागरूकता और सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता को भी समझाया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. फौजिया फरीदी ने कुशलतापूर्वक किया। यह सत्र एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मोहम्मद मोसिन खान के मार्गदर्शन और कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अब्दुल जब्बार के संयोजन में सम्पन्न हुआ।
सत्र के अंत में प्रश्नोत्तर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने विभिन्न जिज्ञासाओं को प्रस्तुत किया और डॉ. सिंह ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से सभी प्रश्नों का समाधान किया।
अंत में डॉ. अब्दुल जब्बार ने सभी वक्ताओं, उपस्थित शिक्षकों और प्रतिभागी छात्रों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर डॉ. मंसूर आलम सिद्दीकी, डॉ. फुरकान, डॉ. आसिफ सिद्दीकी, डॉ. नाजिया बेगम, नाहिद अकबरी, शुऐब रज़ा, डॉ. नौशाद, नईम अहमद और मोहम्मद इमरान खान सहित अनेक शिक्षकगण एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।















