औरैया।हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: जिले की टॉपर छात्रा अनुष्का कश्यप को आगे की पढ़ाई के लिए लैपटॉप मिला है। छात्रा की उपलब्धि पर उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लैपटॉप भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सपा नेताओं ने बताया कि छात्रा की सफलता की जानकारी मिलने के बाद उनके अनुरोध पर अखिलेश यादव की ओर से यह सहयोग उपलब्ध कराया गया। सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम के साथ छात्रा के आवास पर पहुंचकर उन्हें लैपटॉप भेंट किया गया। इस दौरान छात्रा और उनके परिवार ने सहयोग के लिए आभार जताया।
सपा नेताओं ने कहा कि अनुष्का ने अपनी मेहनत और लगन से जिले में टॉप कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रा की सफलता पर गर्व जताते हुए उसके बेहतर भविष्य और आगे की पढ़ाई में सफलता की कामना की गई। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है और वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए और अधिक मेहनत करते हैं।













