हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़,। संत फिदेलिस स्कूल के वार्षिकोत्सव में पहुंचे भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने छात्रों को अपने अंतरिक्ष मिशन के रोमांचक अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष में जाना जितना खास है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी। मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद मजबूत रहना पड़ता है। एक्सिओम-4 मिशन के दौरान जब उन्हें डर महसूस हुआ, तब उन्होंने हनुमान चालीसा पढ़कर खुद को मजबूत बनाए रखा।
शुभांशु ने छात्रों के साथ संवाद करते हुए अंतरिक्ष में बिताए 18 दिनों की पूरी जानकारी वीडियो और पीपीटी के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि भारत के प्रथम अंतरिक्ष यात्री डॉ. राकेश शर्मा उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा रहे हैं। उनकी बातों से प्रेरित होकर ही उन्होंने अंतरिक्ष में जाने का सपना देखा और उसे पूरा किया।
उन्होंने बताया कि एक्सिओम-4 मिशन के तहत 25 जून को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लांचिंग हुई थी। इस दौरान उन्होंने पौधों की वृद्धि और माइक्रोग्रैविटी पर शोध किए। उन्होंने कुल सात वैज्ञानिक शोधों को अंतरिक्ष में अंजाम दिया, जिन्हें जल्द ही प्रकाशित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत गगनयान परियोजना के तहत जल्द ही अपना स्पेस कैप्सूल अंतरिक्ष में भेजने जा रहा है। बच्चों ने जब उनसे प्रेरणा के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि अनुशासन, मेहनत और जिज्ञासा किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने की कुंजी है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने उन्हें जोरदार तालियों के साथ सम्मानित किया।














