हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ 24 मई : 2025
अलीगढ़, 24 मई 2025 उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के प्रबंध निदेशक रमाकांत पांडेय ने शनिवार को अलीगढ़ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करते हुए जल जीवन मिशन के तहत संचालित “हर घर नल” योजना का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित परियोजनाओं की प्रगति, जल संयोजन, पंप हाउस संचालन, ओवरहेड टैंक (OHT) निर्माण, घरेलू नल कनेक्शन (FHTC) एवं पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के पश्चात सड़कों की मरम्मत की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के प्रथम चरण में उन्होंने ब्लॉक इगलास के बेलौठ गांव में स्थित जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने OHT, पंप हाउस, चारदीवारी, परिसर तथा घर-घर जाकर घरेलू नल कनेक्शन (FHTC) की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने स्थानीय ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए योजना की प्रगति और प्रभाव पर चर्चा की।
प्राथमिक विद्यालय में भी जल कनेक्शन की स्थिति की जांच की गई और बच्चों के हित में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्थानीय जल सखियों ने मौके पर जल गुणवत्ता की जांच कर योजना की पारदर्शिता और प्रभावशीलता को दर्शाया।

अधिशासी अभियंता लोकेश शर्मा ने जानकारी दी कि OHT से जलापूर्ति आरंभ हो चुकी है, हालांकि पाइपलाइन में रिसाव की समस्या के चलते कुछ घरों तक जल नहीं पहुंच पा रहा है। इस संबंध में राज्य नोडल अधिकारी द्वारा निर्माण कार्य से जुड़ी फर्म केपीटीएल के परियोजना प्रबंधक को त्वरित मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि प्रत्येक दिन सुबह व शाम दो-दो घंटे जलापूर्ति की जा रही है। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की और उपस्थित अभियंताओं व कर्मचारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण उपरांत रमाकांत पांडेय ने स्थानीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से वृक्षारोपण करने और उनके संरक्षण की अपील की।
बेलौठ के बाद प्रबंध निदेशक ने ब्लॉक टप्पल के तकीपुर गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित ग्रामीण पाइप पेयजल आपूर्ति योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओएचटी परिसर, पंप हाउस, चारदीवारी और घरेलू नल कनेक्शन (FHTC) की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घर-घर जाकर स्थलीय सत्यापन भी किया और ग्रामीणों को जल के मितव्ययी एवं सुरक्षित उपयोग के लिए जागरूक किया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, ग्राम प्रधानों व जनप्रतिनिधियों के साथ जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन, चुनौतियों एवं समाधान पर खुलकर संवाद हुआ। उन्होंने योजना में जन सहभागिता को अहम बताते हुए कहा कि आमजन की जागरूकता ही योजना को स्थायी और सफल बना सकती है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, पीडी डीआरडीए भालचंद त्रिपाठी, संबंधित बीडीओ, केपीटीएल के परियोजना प्रबंधक ज्ञान सिंह, टीपीआई, डीपीएमयू के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।

















