हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 5 मई : 2025,
आगरा।
रविवार को एक अनोखा और जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला जब सैकड़ों की संख्या में धनगर समाज के लोग भेड़ों के झुंड के साथ मानस नगर में इकट्ठा हुए और पैदल मार्च करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल के आवास की ओर कूच करने लगे। यह प्रदर्शन धनगर जाति प्रमाणपत्र की मांग को लेकर किया गया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मंत्री ने खुद तो अपना प्रमाणपत्र बनवा लिया, लेकिन अपने ही समाज के लोगों को अब तक इसका लाभ नहीं दिलवा पाए हैं।
पुलिस ने रोका मार्च, मंत्री आवास तक नहीं पहुंच पाए प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारियों के मंत्री आवास की ओर बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। भारी पुलिस बल तैनात कर सीओडी तिराहा से मंत्री आवास तक जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई और प्रदर्शनकारियों को वहीं रोक लिया गया।

पोस्टर-बैनर और भेड़ों के साथ पैदल मार्च
प्रदर्शनकारियों ने “धनगर जाति प्रमाणपत्र जारी करो” जैसे नारों के साथ बैनर-पोस्टर लिए हुए थे और उनके साथ भेड़ों का एक बड़ा झुंड भी था, जो प्रदर्शन का प्रतीक बना। इस अनोखे प्रदर्शन ने स्थानीय लोगों का भी ध्यान आकर्षित किया।
50 से अधिक परिवारों को नहीं मिल रहा जाति प्रमाणपत्र: महासभा अध्यक्ष
राष्ट्रीय धनगर महासभा के अध्यक्ष जेपी धनगर ने बताया कि 50 से अधिक ऐसे परिवार हैं, जिनके पूर्वजों के पास धनगर जाति प्रमाणपत्र थे, लेकिन अब उनके पुत्रों और पौत्रों को प्रशासन प्रमाणपत्र जारी नहीं कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री एसपी सिंह बघेल इस मुद्दे पर उदासीन बने हुए हैं।
चेतावनी: संसद भवन तक करेंगे आंदोलन
जेपी धनगर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही धनगर समाज को जाति प्रमाणपत्र का लाभ नहीं मिला, तो वे दिल्ली जाकर संसद भवन तक प्रदर्शन करेंगे।
प्रशासन की चुप्पी बनी चिंता का विषय
सूत्रों के अनुसार, अनुसूचित जाति के धनगर प्रमाणपत्र को लेकर कुछ शिकायतें मिली थीं, जिसके चलते शासन व प्रशासनिक स्तर पर प्रमाणपत्रों के नए निर्गमन को लेकर स्थिति अस्पष्ट बनी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर धनगर महासभा आंदोलित है और अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर चुकी है।

















