अलीगढ़, हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :। श्री अखलेश्वर महादेव मंदिर, रघुवीरपुरी में शनिवार को निःशुल्क ईको फ्रेंडली श्री गणेश प्रतिमा वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में भक्तजन मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएं लेने पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने कहा कि ईको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं की स्थापना से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने कहा कि पीओपी से बनी प्रतिमाओं के विसर्जन से नदियों और जलस्रोतों का प्रदूषण बढ़ता है। इससे जलीय जीव-जंतुओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की अपील की।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश गौड़ ने कहा कि मिट्टी की प्रतिमाओं की स्थापना और विसर्जन सनातन परंपरा का हिस्सा है। इससे पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचता और जलस्रोतों को भी सुरक्षित रखने में मदद मिलती है। बाबा बर्फानी भक्त मंडल के संरक्षक एवं कार्यक्रम संयोजक सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता अभियान चलाकर पीओपी की प्रतिमाओं से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि समेत अन्य अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। अंत में मंदिर ट्रस्ट के सचिव मनोज अग्रवाल ने सभी भक्तों का आभार जताया। इस दौरान कोषाध्यक्ष ब्रजमोहन वार्ष्णेय, प्रवीन अग्रवाल, सतेन्द्र प्रकाश गुप्ता, ज्ञानेंद्र गुप्ता, हरजीत काका, मधुकर वार्ष्णेय, मुख्य पुजारी चंद्रभूषण मिश्र, जानकीशरण द्विवेदी, मौनू पंडित आदि मौजूद रहे।

















