हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ रविवार 1 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़, लोधा- रोरावर, शनिवार। खेरेश्वर धाम के सामने शनिवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कुछ फाइनेंस कर्मियों ने एक टेंपो चालक से मारपीट कर उसका वाहन जबरन छीन लिया। मामला रोरावर थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित मनोज शर्मा, निवासी पीपल गांव, ने थाने में तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, मनोज शर्मा ने खैर बाईपास स्थित एक निजी ऑटो कंपनी से पुराना टेंपो खरीदा था। उन्होंने वाहन की कीमत में से ₹25,000 नगद अदा किए थे जबकि शेष रकम की किस्तें तय की गई थीं। मनोज का आरोप है कि उन्होंने तीन किस्तों की रकम नगद फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को अपने घर पर ही दी थी, लेकिन कोई दस्तावेज उन्हें नहीं सौंपा गया।
कागजात न मिलने पर मनोज ने अगली किस्तें रोक दीं। शनिवार को जब वह अपनी पत्नी को लेने जा रहे थे, तभी खेरेश्वर मंदिर के सामने कुछ फाइनेंस कर्मियों ने उन्हें घेर लिया और टेंपो चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद टेंपो को जबरन अपने कब्जे में ले लिया।
इस घटना के बाद पीड़ित ने रोरावर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।















