सहारनपुर में चुनावी तैयारियों की समीक्षा के दौरान संगठन को एकजुट रहने का संदेश, विकास को बनाया प्रमुख मुद्दा
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को सहारनपुर दौरे में सामाजिक समरसता और संगठन को सक्रिय रखने पर जोर दिया। सहारनपुर पहुंचने के बाद उन्होंने संत शिरोमणि रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद भाजपा के दलित कार्यकर्ता अजब सिंह के घर पहुंचकर उनके परिवार के साथ भोजन किया। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। नबीन करीब 25 मिनट तक कार्यकर्ता के घर रुके। सहारनपुर दौरे की पूर्व घोषित रूपरेखा में रविदास मंदिर में दर्शन और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक का कार्यक्रम भी शामिल था।
भोजन के दौरान नेताओं ने अरहर की दाल, रोटी, पुलाव, आलू की सब्जी, रायता और आइसक्रीम खाई। इस दौरान नबीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को चुनाव के लिए पूरी तरह सक्रिय करने पर जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कुछ पदाधिकारियों ने संगठन में पर्याप्त सम्मान नहीं मिलने की शिकायत भी रखी। नबीन ने कार्यकर्ताओं से चुनाव पर फोकस करने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी।
मीडिया से बातचीत में नबीन ने कहा कि भाजपा सभी समाजों को साथ लेकर आगे बढ़ने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए एक्सप्रेस-वे, सेमीकंडक्टर और एआई जैसी परियोजनाओं को उत्तर प्रदेश की बदलती पहचान से जोड़ा।
सात सीटों पर भाजपा ने जीती थीं पांच
सहारनपुर जिले में सात विधानसभा सीटें हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इनमें पांच सीटों—नकुड़, सहारनपुर नगर, देवबंद, रामपुर मनिहारान और गंगोह—पर जीत दर्ज की थी, जबकि बेहट और सहारनपुर सीट सपा के खाते में गई थीं।
2011 की जनगणना के अनुसार सहारनपुर जिले की कुल आबादी में अनुसूचित जाति की हिस्सेदारी 22.05 प्रतिशत थी। जिले की सामाजिक संरचना में यह एक महत्वपूर्ण आबादी है।ऐसे में नबीन का रविदास मंदिर जाना और दलित कार्यकर्ता के घर भोजन करना आगामी चुनाव से पहले भाजपा के सामाजिक संपर्क अभियान के संदर्भ में देखा जा रहा है।
#NitinNabin #Saharanpur #BJP #UPPolitics #UPAssemblyElection2027














