होटल व्यवसाय को उद्योग का दर्जा देने की मांग, ब्रज टूरिज्म सर्किट से जोड़ने पर जोर
अलीगढ़। धार्मिक, शैक्षणिक और औद्योगिक पहचान रखने वाले अलीगढ़ में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत केवल योजनाओं को धरातल पर उतारने और पर्यटन सुविधाओं को विस्तार देने की है। यह बात उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं एटा सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ ने अलीगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से फॉरच्यून होटल में आयोजित पर्यटन विकास महामंथन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

राजवीर सिंह ने कहा कि किसी भी शहर या जिले की पहचान में वहां के होटल व्यवसाय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अलीगढ़ के होटल संचालक अतिथियों की ईमानदारी और सेवा भावना के साथ मेजबानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और होटल कारोबारियों को मिलकर ठोस प्रयास करने होंगे।
होटल हैं अलीगढ़ के ब्रांड एंबेसडर
महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि अलीगढ़ के होटल यहां के ब्रांड एंबेसडर हैं। होटल संचालक ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा को पूरी तरह निभा रहे हैं। उन्होंने पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में होटल उद्योग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसपी नीरज कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संचालन एसोसिएशन अध्यक्ष मानव महाजन ने किया, जबकि चेयरमैन पंकज धीरज ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी। महामंत्री विवेक बगाई ने टीम के साथ अतिथियों का स्वागत किया।
गंगा-जमुना के बीच पर्यटन की संभावनाएं
एसएसपी नीरज कुमार ने कहा कि अलीगढ़ का सौभाग्य है कि यह गंगा और यमुना के मध्य स्थित है। क्षेत्र में एडवेंचर और वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों को विकसित किया जा सकता है। इससे आगरा, मथुरा और दिल्ली-एनसीआर से आने वाले पर्यटकों को अलीगढ़ की ओर आकर्षित किया जा सकेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष विजया सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट और अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने होटल एसोसिएशन की पहल की सराहना की। उन्होंने अलीगढ़ में पर्यटन विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
ब्रज सर्किट और मथुरा रेल कनेक्टिविटी की मांग

रीजनल टूरिस्ट ऑफिसर अनुपम श्रीवास्तव ने अलीगढ़ में प्रस्तावित पर्यटन विकास कार्यों और प्रदेश सरकार की टूरिज्म पॉलिसी की जानकारी दी। चेयरमैन पंकज धीरज ने प्रदेश में होटल व्यवसाय को उद्योग का दर्जा देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन इस मांग को सरकार से पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास करेगी।
एसोसिएशन अध्यक्ष मानव महाजन ने अलीगढ़ को ब्रज टूरिज्म सर्किट से जोड़ने के साथ मथुरा रेलवे ट्रैक से अलीगढ़ को जोड़ने की बहुप्रतीक्षित मांग भी प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी और पर्यटन सर्किट से अलीगढ़ के पर्यटन एवं होटल उद्योग को नई गति मिल सकती है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह हुआ। मुख्य संरक्षक राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस दौरान संरक्षक इंद्रजीत सिंह बिल्ला, राजकुमार गुप्ता, कमल बगाई, शरद मित्तल, सरदार मनमीत सिंह, प्रदीप सिंघल, अखिल गुप्ता, प्रमीत गुप्ता, अनमोल जुनेजा और दीपक गर्ग सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

















