हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 7 मई : 2025,
अलीगढ़।
पूर्व विधायक एवं लिंक लॉक ग्रुप के निदेशक श्री ज़फ़र आलम द्वारा जेएन मेडिकल कॉलेज के सीटीवीएस (कार्डियोथोरेसिक वेसकुलर सर्जरी) विभाग को 25 लाख रुपये मूल्य की आधुनिक इंस्ट्रूमेंट और मशीनें दान की गईं। इस महत्वपूर्ण योगदान से अब हार्ट सर्जरी का इलाज और अधिक उन्नत एवं आसान हो सकेगा।
श्री ज़फ़र आलम के पुत्र श्री हुमायूं ज़फ़र ने स्वयं जेएन मेडिकल कॉलेज के ऑपरेशन थियेटर (ओटी) में जाकर विभागाध्यक्ष डॉ. आज़म हसीन को यह मशीनें और उपकरण सौंपे। इस दौरान पूर्व विधायक के प्रतिनिधि श्री मुजफ्फर इकबाल भी उपस्थित रहे।
हार्ट सर्जरी में मिलेगी तकनीकी सहूलियत
विभागाध्यक्ष डॉ. आज़म हसीन ने बताया कि यह उपकरण व मशीनें हार्ट सर्जरी को नई तकनीक से करने में सक्षम हैं। इनकी मदद से अब बच्चों और बड़ों दोनों की हार्ट सर्जरी दूरबीन (मिनिमल इन्वेसिव सर्जरी) के माध्यम से की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि अब ओपन हार्ट सर्जरी के लिए छाती खोलने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि एक छोटा सा होल कर सर्जरी की जा सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि यह मशीन काफी समय से विभाग की ज़रूरत थी और इसके आने से मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा। यह उपकरण मेडिकल कॉलेज के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण दान है।

विभागीय अधिकारियों ने जताया आभार
इस अवसर पर डीन प्रोफेसर हबीब रज़ा, चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रोफेसर अमजद रिजवी सहित सीटीवीएस विभाग की पूरी टीम ने श्री ज़फ़र आलम और उनके पुत्र श्री हुमायूं ज़फ़र का आभार व्यक्त किया।
ओटी और आईसीयू का लिया जायज़ा
श्री हुमायूं ज़फ़र ने विभाग की ओटी (ऑपरेशन थियेटर) और आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) का भ्रमण किया, मरीजों की स्थिति का जायज़ा लिया और विभागीय व्यवस्थाओं को समझा। उन्होंने विभाग की सेवाओं और स्टाफ की कार्यशैली की सराहना करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
सीटीवीएस विभाग की टीम रही मौजूद
इस मौके पर डॉ. सबीर अली, डॉ. आमिर (असिस्टेंट प्रोफेसर), डॉ. शमायल रब्बानी (असिस्टेंट प्रोफेसर) सहित सीटीवीएस विभाग की पूरी टीम उपस्थित रही।

















