हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 25 अप्रैल: 2025,
दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ
अलीगढ़, 24 अप्रैल 2025:
प्रदेश के मा0 मंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, श्री सुनील कुमार शर्मा ने शुक्रवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। यह कार्यक्रम विभिन्न आयोजनों की श्रृंखला का हिस्सा था।

बाबा साहेब को वर्ग विशेष तक सीमित करना उनके व्यक्तित्व का अपमान – मा. मंत्री
मा0 मंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी महान व्यक्तित्व को छोटा दिखाने का प्रयास उसे किसी एक वर्ग तक सीमित करके किया जाता है। उन्होंने कहा कि मा0 मोदी जी के नेतृत्व में यह मिथक तोड़ा गया है।
मा. मंत्री जी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने बाबा साहेब को केवल दलित नेता के रूप में प्रस्तुत किया, जबकि वे समस्त समाज के नेता थे। उन्होंने दलितों, पिछड़ों, श्रमिकों और महिलाओं के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहेब धारा 370 और देश के बंटवारे के विरोधी थे। कांग्रेस ने उन्हें 1954 में चुनाव हरवाया और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया। जबकि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया। मा. मोदी जी ने बाबा साहेब से जुड़े स्थलों को “पंच तीर्थ” घोषित कर उनका विकास कराया।

“संविधान रचयिता बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि उनके दिखाए मार्ग पर चलना” – मा0 विधायक अंजुला माहौर

मा0 विधायक, हाथरस, श्रीमती अंजुला माहौर ने बाबा साहेब को सूर्य के समान बताते हुए कहा कि उनके लिए कुछ भी कहना सूर्य को दीपक दिखाने जैसा है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बाल्मीकि जी ने त्रेता युग में रामायण, वेदव्यास जी ने द्वापर में महाभारत की रचना की, उसी प्रकार बाबा साहेब ने कलियुग में संविधान की रचना कर देश को अधिकार और दायित्व का मार्ग दिखाया। उन्होंने लोगों से बाबा साहेब के विचारों को अपनाने का आह्वान किया।
“संविधान में कांग्रेस ने 70 बार बदलाव किया” – मा0 विधायक राजकुमार सहयोगी

मा0 विधायक, इगलास, श्री राजकुमार सहयोगी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान में 70 से अधिक बार संशोधन किया, यहाँ तक कि प्रस्तावना भी बदली गई।
उन्होंने कहा कि मा0 मोदी जी ने लंदन में भी बाबा साहेब का स्मारक बनवाकर उन्हें वैश्विक स्तर पर सम्मान दिया। बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलते हुए आज शिक्षा पर विशेष बल दिया जा रहा है।
“हमारी सरकार बाबा साहेब के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित कर रही है” – मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष
मा0 अध्यक्ष, जिला पंचायत, श्रीमती विजय सिंह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार द्वारा 14 अप्रैल से शुरू होकर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार संविधान को बदलने की नहीं, बल्कि बाबा साहेब को यथोचित सम्मान देने की दिशा में कार्य कर रही है।















