हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ बुधवार 4 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़, 04 जून 2025: ऑपरेशन जागृति फेज-4 के अंतर्गत किए गए उल्लेखनीय कार्य के लिए मण्डलायुक्त कार्यालय, अलीगढ़ में तैनात न्याय सहायक नवीन जैन को विशेष सम्मान प्राप्त हुआ है। उनके इस सराहनीय योगदान के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन, अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा भेजा गया प्रशस्ति पत्र बुधवार को मण्डलायुक्त अलीगढ़, संगीता सिंह ने सौंपा।
प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए मण्डलायुक्त संगीता सिंह ने नवीन जैन के कार्य की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि नवीन जैन अपनी कर्मठता, निष्ठा और ईमानदारी से इसी प्रकार कार्य करते रहेंगे तथा अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेंगे।
यह सम्मान न केवल नवीन जैन की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि मण्डलायुक्त कार्यालय के लिए भी गर्व का विषय है। ऑपरेशन जागृति जैसे अभियानों में प्रशासनिक सहयोग और न्यायिक तत्परता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है, जिसमें नवीन जैन का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है।














