• Home
  • Delhi
  • पंकज चौधरी होंगे यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष, रविवार को होगी औपचारिक घोषणा
Image

पंकज चौधरी होंगे यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष, रविवार को होगी औपचारिक घोषणा

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:

लखनऊ, 13 दिसम्बर।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज से लगातार सात बार सांसद रहे पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में अध्यक्ष पद के लिए शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया के तहत पंकज चौधरी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया, जिसके चलते उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया। अब केंद्रीय चुनाव अधिकारी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल रविवार को निर्वाचन प्रक्रिया को अंतिम रूप देते हुए उनके नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे।

पंकज चौधरी के नामांकन में सामाजिक संतुलन की झलक भी देखने को मिली। उनके प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, एके शर्मा, दारा सिंह चौहान, कमलेश पासवान और असीम अरुण शामिल रहे। प्रस्तावकों में ठाकुर, ब्राह्मण, पारसी, भूमिहार, दलित और ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधि शामिल रहे, जिसे संगठन में संतुलन और समावेशिता के रूप में देखा जा रहा है।

61 वर्षीय पंकज चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1989 में गोरखपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में की थी। इसके बाद वे संगठन और सरकार में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते हुए केंद्र सरकार में मंत्री पद तक पहुंचे। नामांकन के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव संगठन का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसलिए भाजपा के सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।

शनिवार दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ‘प्रभु राम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।

पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आने वाले भाजपा के चौथे प्रदेश अध्यक्ष होंगे। इससे पहले विनय कटियार, स्वतंत्र देव सिंह और ओम प्रकाश सिंह इस पद पर रह चुके हैं।

इसी दिन राष्ट्रीय परिषद के 80 पदों के लिए भी नामांकन हुआ। इसमें स्मृति ईरानी, दारा सिंह चौहान, साध्वी निरंजन ज्योति और अजय मिश्र टेनी सहित कई नेताओं ने नामांकन किया। ये सभी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में मतदाता होंगे। साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि वह संगठन पर्व में भाग लेने आई हैं और उनकी कोई व्यक्तिगत अपेक्षा नहीं है।

Releated Posts

ऑपरेशन सिंदूर से डिजिटल भारत तक, राष्ट्रपति मुर्मू ने गिनाईं देश की उपलब्धियां

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन में राष्ट्रपति ने सरदार…

ByByHindustan Mirror News Aug 14, 2026

जाति गिनेगा भारत, लेकिन असली सवाल है—गिनेगा कैसे?

जनगणना-2027 में पहली बार सभी जातियों की होगी गणना, पर वर्गीकरण की स्पष्ट व्यवस्था नहीं हुई तो 2011…

ByByHindustan Mirror News Aug 14, 2026

15 अगस्त को सुबह 4 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो, मेहमानों के लिए 1.30 लाख QR टिकट

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ : नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली में मेट्रो यात्रियों के लिए विशेष…

ByByHindustan Mirror News Aug 13, 2026

लोकसभा में गूंजा पूरा ‘वंदे मातरम्’, अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई कार्यवाही

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ : नई दिल्ली, 13 अगस्त। संसद के मानसून सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को लोकसभा…

ByByHindustan Mirror News Aug 13, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *