हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 18 अप्रैल: 2025,
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के प्रमुख नेता संजय निषाद ने हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान कई अहम राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा हुई।
संजय निषाद ने खास तौर पर मछुआ समुदाय को अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग में शामिल करने की मांग को एक बार फिर मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि मछुआ समाज लंबे समय से अपने सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है और अब वक्त आ गया है कि केंद्र सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाए।
इसके साथ ही, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के समायोजन और आगामी चुनावों में सीटों पर चुनाव चिन्ह को लेकर भी सुझाव गृह मंत्री के समक्ष रखे। संजय निषाद ने मछुआ समुदाय से जुड़े कई अन्य लंबित मुद्दों को भी विस्तार से रखा।
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान संजय निषाद के साथ संतकबीरनगर से पूर्व सांसद इंजीनियर प्रवीण निषाद, विधायक इंजीनियर श्रवण कुमार निषाद और राष्ट्रीय निषाद एकता परिषद के अध्यक्ष डॉक्टर अमित कुमार निषाद भी मौजूद थे।
मुलाकात के बाद संजय निषाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए लिखा—
“आज नई दिल्ली में माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी से शिष्टाचार भेंट करते हुए। साथ में राष्ट्रीय संयोजक पूर्व सांसद इंजीनियर प्रवीण निषाद, लोकप्रिय विधायक इंजीनियर श्रवण कुमार, राष्ट्रीय निषाद एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर अमित कुमार निषाद।”

















