हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 26 अप्रैल: 2025,
एक माह से लापता थी किशोरी, पिता ने दर्ज कराया था मुकदमा
थाना गंगीरी क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किशोरी को करीब एक माह पहले गांव के ही तीन युवकों ने फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। किशोरी के पिता ने इस मामले में तीनों युवकों के खिलाफ थाना गंगीरी में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस कर रही थी विभिन्न जिलों में तलाश
मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस किशोरी की तलाश में विभिन्न जिलों में दबिश दे रही थी। काफी समय तक सुराग न मिलने के बाद भी पुलिस ने प्रयास जारी रखे।
यादव नगर में मिली सूचना, ग्रामीणों से हुई झड़प
25 अप्रैल की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि किशोरी गंगीरी के यादव नगर निवासी एक युवक के घर में है। जब पुलिस टीम दबिश देने पहुंची तो ग्रामीणों से कहासुनी और खींचतान हो गई। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी (एसओ) ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
देर रात ढाबा संचालक के घर से किशोरी बरामद
झड़प के बाद पुलिस ने देर रात नगला सुममेर गांव निवासी एक ढाबा संचालक के घर पर दबिश दी। यहां से किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, किशोरी पिछले दस दिन से ढाबा संचालक के घर में रह रही थी।
ढाबा संचालक हिरासत में, आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने ढाबा संचालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। वहीं इस मामले में नामजद तीनों आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।














