गांव बढ़ौली में भाजपा का प्रवास कार्यक्रम, समस्याओं के निस्तारण के दिए निर्देश
हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 11अप्रैल: 2025, अलीगढ़,
“गांव चलो अभियान” के तहत 10 अप्रैल को बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने गांव बढ़ौली का दौरा किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिए कई स्थानों पर चौपाल लगाईं। इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना, अवैध कब्जा, नाली और खड़ंजा निर्माण जैसी समस्याएं रखीं।
महिलाओं ने जताई वृद्धावस्था पेंशन रुकने की पीड़ा
गांव की महिलाओं, जिनमें अशरफी देवी, प्रेमवती देवी, चैनवती देवी प्रमुख थीं, ने बताया कि उन्हें पिछले एक साल से एक हजार रुपये मासिक मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही है। इस पर मंत्री संदीप सिंह ने बीडीओ वेदप्रकाश को निर्देश दिए कि वे एडीओ समाज कल्याण और ग्राम सचिव के माध्यम से गांव में विशेष कैंप लगवाएं और सत्यापन कर रुकी हुई पेंशन दोबारा चालू कराएं।
अन्य शिकायतें भी आईं सामने
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने प्रधान द्वारा आवास योजना में अनदेखी, खराब नालियां, अधूरी खड़ंजा सड़कें और अवैध कब्जों की भी शिकायतें कीं। संदीप सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दफ्तरों में बैठकर नहीं, बल्कि गांवों में जाकर कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी
मंत्री ने कहा कि चौपाल में जो भी शिकायतें आई हैं, उनका शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों की सूची बनाकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए।
चौपाल में रहे कई गणमान्य लोग उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख केहर सिंह राजपूत, एडीओ पुष्पेंद्र सिंह, ग्राम सचिव ललित मोहन, भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर लोधी, मंडल अध्यक्ष होमेंद्र राजपूत सहित कई अन्य कार्यकर्ता और अधिकारी मौजूद रहे।
















