• Home
  • सुल्तानपुर
  • असरोगा टोल प्लाजा पर अराजक तत्वों का कहर: टोलकर्मियों से मारपीट, लाठी-डंडों से हमला कर की तोड़फोड़
Image

असरोगा टोल प्लाजा पर अराजक तत्वों का कहर: टोलकर्मियों से मारपीट, लाठी-डंडों से हमला कर की तोड़फोड़

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ रविवार 25 मई 2025

सुल्तानपुर, 25 मई 2025 — लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित असरोगा टोल प्लाजा पर शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब कार सवार अराजक तत्वों ने टोल कर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीन टोल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हमलावर मौके से कार समेत फरार हो गए। टोल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।

शनिवार देर रात लखनऊ की ओर से एक कार टोल प्लाजा पर पहुंची। टोल प्रबंधक जितेंद्र सिंह, जो कि इटावा जिले के मंगला चौहान पृथ्वीपुर के निवासी हैं, के अनुसार कार में सवार व्यक्ति नशे की हालत में थे। कार पर सवार तीन युवकों की पहचान नदीम उर्फ चांद अली, फैसल खान (निवासी मीर का पुरवा थाना कुड़वार) और संतराम के रूप में की गई है। ये लोग टोल प्लाजा पार कर सुल्तानपुर की ओर गए थे।

कुछ ही देर बाद, यही कार वापस टोल प्लाजा पर लौटी। जब टोल कर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पहले कहासुनी की और फिर अचानक हमलावर हो गए। आरोप है कि तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर टोल बूथों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने बूथों में लगे शीशे, कंप्यूटर और प्रिंटर को भी नुकसान पहुंचाया।

हमले में टोल कर्मी सत्येंद्र द्विवेदी, दुर्गा यादव और गौरव साहू को बुरी तरह पीटा गया। तीनों को लाठियों से मारा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा कंट्रोल रूम में रखे दो कंप्यूटर, एक प्रिंटर और एक सीपीयू को भी आरोपियों ने तोड़ डाला।

धमकी देकर फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने टोलकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी। रविवार को टोल प्रबंधक ने कुड़वार थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत सिंह ने बताया कि टोल प्लाजा पर हुई हिंसक घटना को गंभीरता से लिया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जिन कार से आरोपी फरार हुए थे, वह कार धम्मौर थाना क्षेत्र के नरही गांव के पास लावारिस हालत में बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इस हमले के बाद टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। टोल प्रबंधन ने प्रशासन से टोल कर्मियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Releated Posts

OLX की तर्ज पर बनेगा ‘गो-LX’, गायों की सुरक्षा के लिए शंकराचार्य का नया मिशन

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ सुल्तानपुर में गविष्ठी यात्रा के दौरान किया बड़ा ऐलान अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गायों की सुरक्षा…

ByByHindustan Mirror News May 22, 2026

सुल्तानपुर में खेत की सिंचाई कर रहे अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: सोमवार 9 जून 2025 सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश: रविवार देर रात सुल्तानपुर जिले के अखंड नगर…

ByByHindustan Mirror News Jun 9, 2025

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top