हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ रविवार 25 मई 2025
सुल्तानपुर, 25 मई 2025 — लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित असरोगा टोल प्लाजा पर शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब कार सवार अराजक तत्वों ने टोल कर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीन टोल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हमलावर मौके से कार समेत फरार हो गए। टोल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।
शनिवार देर रात लखनऊ की ओर से एक कार टोल प्लाजा पर पहुंची। टोल प्रबंधक जितेंद्र सिंह, जो कि इटावा जिले के मंगला चौहान पृथ्वीपुर के निवासी हैं, के अनुसार कार में सवार व्यक्ति नशे की हालत में थे। कार पर सवार तीन युवकों की पहचान नदीम उर्फ चांद अली, फैसल खान (निवासी मीर का पुरवा थाना कुड़वार) और संतराम के रूप में की गई है। ये लोग टोल प्लाजा पार कर सुल्तानपुर की ओर गए थे।
कुछ ही देर बाद, यही कार वापस टोल प्लाजा पर लौटी। जब टोल कर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पहले कहासुनी की और फिर अचानक हमलावर हो गए। आरोप है कि तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर टोल बूथों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने बूथों में लगे शीशे, कंप्यूटर और प्रिंटर को भी नुकसान पहुंचाया।
हमले में टोल कर्मी सत्येंद्र द्विवेदी, दुर्गा यादव और गौरव साहू को बुरी तरह पीटा गया। तीनों को लाठियों से मारा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा कंट्रोल रूम में रखे दो कंप्यूटर, एक प्रिंटर और एक सीपीयू को भी आरोपियों ने तोड़ डाला।
धमकी देकर फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने टोलकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी। रविवार को टोल प्रबंधक ने कुड़वार थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत सिंह ने बताया कि टोल प्लाजा पर हुई हिंसक घटना को गंभीरता से लिया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जिन कार से आरोपी फरार हुए थे, वह कार धम्मौर थाना क्षेत्र के नरही गांव के पास लावारिस हालत में बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इस हमले के बाद टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। टोल प्रबंधन ने प्रशासन से टोल कर्मियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।














