हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ सोमवार 2 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़, 2 जून — अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के यूनानी चिकित्सा संकाय के तहफ्फुजी व समाजी तिब विभाग द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस 2025 के अवसर पर एक विशेष क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता “चमकीले उत्पाद, काले इरादे – आकर्षण की असलियत” विषय पर केंद्रित थी, जिसका उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. रूबी अंजुम के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता में एमडी वर्ष 2022 (टीम-ए) और एमडी वर्ष 2023 (टीम-बी) के छात्रों ने प्रतिभाग किया। रोमांचक मुकाबले के बाद टीम-ए ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि टीम-बी उपविजेता रही।
इस अवसर पर प्रो. रूबी अंजुम ने छात्रों को संबोधित करते हुए तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग और सांस की गंभीर बीमारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से तंबाकू एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में जागरूकता फैलाने और सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम का सफल समन्वयन शिक्षक प्रभारी डॉ. सैयद अहमद एवं तृतीय वर्ष के जूनियर रेजिडेंट्स डॉ. लवली सिंह, डॉ. अनम असर और डॉ. मोहम्मद जुनैद द्वारा किया गया।















