हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली और बस्ती समेत कई अहम मंडलों को मिले नए कमिश्नर, कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली और बस्ती समेत कई महत्वपूर्ण मंडलों में नए मंडलायुक्तों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा कई विभागों में सचिव, प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं।
प्रयागराज मंडल की कमान अब डॉ. लोकेश एम. संभालेंगे
वहीं अब तक प्रयागराज की मंडलायुक्त रहीं सौम्या अग्रवाल को प्रदेश का नया श्रमायुक्त बनाया गया है। बरेली मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी को प्रशासनिक सुधार विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि शम्भू कुमार को पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक पद से स्थानांतरित कर बरेली का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।

गोरखपुर मंडलायुक्त रहे अनिल ढींगरा को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त, नगर भूमि सीमारोपण का निदेशक तथा आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है। उनकी जगह इन्द्र विक्रम सिंह को कृषि विभाग से स्थानांतरित कर गोरखपुर का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।
वैभव श्रीवास्तव को पीसीएफ के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर बस्ती मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है, जबकि प्रकाश बिन्दु को पीसीएफ का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। रविन्द्र को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसके अलावा संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। डॉ. बलकार सिंह को यूपीसीडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल विभागों के बीच बेहतर समन्वय, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और शासन-प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।




















