दिनांक: 07 अप्रैल 2024 | स्थान: जवां, अलीगढ़
उड़ान सोसाइटी द्वारा शिव नाडर फाउंडेशन के सहयोग से जवां विकासखंड में संचालित शिक्षा प्लस कार्यक्रम के अंतर्गत नवसाक्षर शिक्षार्थियों के लिए सम्मान एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन जवां विकासखंड सभागार में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख हरेन्द्र सिंह एवं शिक्षा प्लस कार्यक्रम के प्रोजेक्ट हेड विजय आनंद वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने इस कार्यक्रम को एक अभिनव पहल बताते हुए कहा कि यह जवां विकासखंड की नगौला, साथा और तालिबनगर ग्राम पंचायतों को पूर्ण साक्षर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने शिक्षार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपनी शिक्षा को आगे भी जारी रखें।

विजय आनंद वर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिव नाडर फाउंडेशन के सहयोग से चल रहे इस अभियान के तहत अब तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगभग 1.5 लाख लोगों को साक्षर बनाया जा चुका है। अलीगढ़ जिले में इस वर्ष 3000 लोगों को साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही फाउंडेशन अलीगढ़ जिला जेल में भी साक्षरता कार्यक्रम चला रही है।
इससे पूर्व साथा, नगौला और तालिबनगर से आए बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में भाग ले रहीं ग्राम नगौला की सुनीता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बचपन में पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वे पढ़ नहीं सकीं, लेकिन अब इस कार्यक्रम की मदद से पढ़-लिखकर वे स्वयं को सशक्त महसूस कर रही हैं।
इस मौके पर एडीओ पंचायत दिग्विजय सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त मुद्गल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तालिबनगर धर्मेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि साथा विनोद सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
उड़ान सोसाइटी के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र मिश्रा ने सभी अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया और कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन स्रोत समन्वयक राकेश कुमार ने किया।
इस कार्यक्रम में नासिर अली खान, डॉली हंस, कुलदीप कुमार, रज़िया खान, रोहित शर्मा, ललित कुमार, दिनेश कुमार, नीतू वर्मा, रूपाली गोस्वामी सहित शिक्षा प्लस कार्यक्रम के सभी जन शिक्षक उपस्थित रहे।
















