हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 11 मई : 2025,
लखनऊ, 11 मई 2025 — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर के अंतर्गत ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी का भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने पाकिस्तान और वहां पनप रहे आतंकवाद पर तीखा प्रहार करते हुए स्पष्ट कहा कि “आतंकवाद कुत्ते की पूंछ है जो कभी सीधी नहीं हो सकती, उसे उसी की भाषा में जवाब देना होगा।”
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वर्चुअल रूप से शामिल हुए और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संयुक्त रूप से यूनिट का उद्घाटन किया। इस दौरान रक्षा उत्पादन पर आधारित एक विशेष पुस्तक ‘ब्रह्मांड’ का विमोचन भी किया गया और ब्रह्मोस एयरोस्पेस द्वारा चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
ऑपरेशन सिंदूर में दिखा ब्रह्मोस का पराक्रम
मुख्यमंत्री योगी ने हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस मिसाइल की भूमिका को याद करते हुए कहा कि इसकी ताकत को न केवल भारत बल्कि पाकिस्तान ने भी महसूस किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इस सैन्य सफलता के लिए बधाई दी।
उन्होंने जोर देकर कहा, “जब तक आतंकवाद को पूरी तरह कुचल नहीं दिया जाएगा, तब तक समाधान संभव नहीं है। अब समय आ गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश एक स्वर में आतंकवाद के खिलाफ खड़ा हो।”
डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में उत्तर प्रदेश बना ग्रोथ इंजन
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि छह नोड—लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, झांसी और चित्रकूट—पर तेज़ी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि 2018 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा घोषित इस महत्वाकांक्षी योजना में 50,000 करोड़ रुपये के निवेश और एक लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है, जिसमें अब तक 57 एमओयू हो चुके हैं और 30,000 करोड़ से अधिक के निवेश की पुष्टि हो चुकी है।
उन्होंने यह भी बताया कि लखनऊ नोड पर 200 एकड़ भूमि में स्थापित ब्रह्मोस यूनिट के साथ अब PTC और अन्य 7 एंकर यूनिट्स रक्षा क्षेत्र में उत्पादन कार्य में जुट गई हैं। इससे पहले कानपुर में गोला-बारूद उत्पादन केंद्र का शुभारंभ किया गया था।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ता प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां कभी उत्तर प्रदेश में नौकरी के अवसर नहीं थे और युवा पलायन के लिए मजबूर थे, वहीं आज प्रदेश में निवेश की बाढ़ आ रही है। एमएसएमई इकाइयां, डिफेंस कंपनियां और युवाओं के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं। उन्होंने ब्रह्मोस, PTC, DRDO और L&T जैसी कंपनियों को युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार देने के लिए धन्यवाद भी दिया।
उन्होंने कहा, “आज यूपी में व्यक्ति भी सुरक्षित है और पूंजी भी। अब प्रदेश निवेश के लिए आदर्श गंतव्य बन गया है।”
सुरक्षा, उत्पादन और आत्मनिर्भरता—एक साथ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश सरकार डिफेंस सेक्टर में सभी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार है, चाहे वह भूमि आवंटन हो या अन्य आधारभूत सुविधाएं। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश अब भारत के डिफेंस प्रोडक्शन में आत्मनिर्भरता की रीढ़ बनने जा रहा है।”
इस भव्य आयोजन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद ब्रजलाल, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह सहित DRDO, ब्रह्मोस एयरोस्पेस और PTC के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

















