ड्राई राशन लाभार्थियों को समय से सूचना देने और सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश
अलीगढ़, 16 अप्रैल 2025:
बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) अकराबाद श्री विष्णु कुमार ने जानकारी दी है कि ब्लॉक अकराबाद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर जनवरी 2025 माह के लिए नैफेड द्वारा प्रदत्त ड्राई राशन की आपूर्ति प्राप्त हो चुकी है। यह राशन आगामी 17, 19 एवं 21 अप्रैल 2025 को पात्र लाभार्थियों के बीच वितरित किया जाएगा।
सीडीपीओ ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वितरण तिथियों की सूचना लाभार्थियों को समय से उपलब्ध करा दी जाए, जिससे वे निर्धारित तिथि पर केंद्रों पर उपस्थित होकर राशन प्राप्त कर सकें।
राशन वितरण से संबंधित अन्य निर्देश इस प्रकार हैं:
- वितरण की प्रक्रिया पोषण ट्रैकर ऐप पर अनिवार्य रूप से फ़ीड की जाए।
- लाभार्थियों का ई-केवाईसी और मोबाइल वेरीफिकेशन पूर्ण कराया जाए।
- जिन लाभार्थियों ने अभी तक आधार कार्ड की प्रति नहीं दी है, उनसे आधार की प्रति लेना सुनिश्चित किया जाए।
- राशन वितरण की प्रक्रिया निगरानी समिति की उपस्थिति में की जाए।
- फोटोग्राफ्स सुरक्षित रखते हुए उन्हें संबंधित विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजना अनिवार्य होगा।
इस कार्यवाही का उद्देश्य पारदर्शिता बनाए रखते हुए सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर पोषण सामग्री उपलब्ध कराना है। सभी संबंधित कर्मियों से अपेक्षा की गई है कि वे निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।

















