UP बोर्ड और ICSE के नतीजों के बाद CBSE छात्रों की निगाहें रिजल्ट पर टिकीं
हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 13 मई : 2025,
नई दिल्ली। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में यूपी बोर्ड और आईसीएसई बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के बाद से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही थी कि मई के पहले सप्ताह में CBSE अपने नतीजे जारी कर देगा, लेकिन अब तक परिणाम की घोषणा नहीं की गई है। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
CBSE की ओर से इस वर्ष फरवरी में आयोजित परीक्षा में 10वीं कक्षा में लगभग 8800 और 12वीं कक्षा में 6500 विद्यार्थी शामिल हुए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद से ही छात्र परिणाम को लेकर उत्सुक हैं, ताकि वे आगे की पढ़ाई या करियर संबंधी निर्णय ले सकें।
12वीं की परीक्षा दे चुके मयंक सिंह नामक छात्र ने बताया, “हम फरवरी में परीक्षा दे चुके हैं और अब दो मई से रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, चिंता बढ़ रही है। रिजल्ट आने के बाद ही हम आगे की पढ़ाई, कॉलेज चयन या कोर्स से जुड़ा कोई फैसला ले सकेंगे।”
इसी तरह कई अन्य छात्र और अभिभावक भी परीक्षा परिणाम में हो रही देरी को लेकर असमंजस में हैं। जहां एक ओर अन्य बोर्ड अपने परिणाम घोषित कर चुके हैं, वहीं CBSE की ओर से अभी तक कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, सीबीएसई परिणाम को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित कर दिए जाएंगे। परिणाम जारी होने के बाद छात्र cbseresults.nic.in और cbse.gov.in पर जाकर अपने रोल नंबर और अन्य विवरणों की सहायता से अपना रिजल्ट देख सकेंगे।

















