हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ रविवार 1 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़, 1 जून – अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के लिए एमबीए, एमबीए (हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन), मास्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ तथा बी.एड. पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षाएं रविवार को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं।
प्रबंधन पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित एमबीए (कैट) परीक्षा में कुल 3995 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 3297 अभ्यर्थियों ने प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित परीक्षा में हिस्सा लिया। यह परीक्षा एएमयू के आर्ट्स फैकल्टी, सोशल साइंसेज फैकल्टी, ज़ाकिर हुसैन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी सहित अलीगढ़ के विभिन्न केंद्रों के साथ-साथ कोलकाता, नई दिल्ली और कोझिकोड स्थित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई।
इसके बाद एमबीए (हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन) तथा मास्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ पाठ्यक्रमों के लिए पेपर सैकिन्ड का आयोजन दोपहर 12ः15 बजे से हुआ, जिसमें 385 में से 331 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
दोपहर सत्र में आयोजित बी.एड. पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा में कुल 1938 पंजीकृत अभ्यर्थियों में अधिकांश ने परीक्षा में हिस्सा लिया। यह परीक्षा भी उपरोक्त चार शहरों – अलीगढ़, कोलकाता, नई दिल्ली एवं कोझिकोड – के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन सभी परीक्षाओं के आयोजन में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की। वरिष्ठ संकाय सदस्यों की देखरेख, परीक्षा नियमों का पूर्ण पालन तथा समुचित समन्वय के साथ समस्त प्रक्रिया सम्पन्न हुई।
एएमयू प्रशासन, शिक्षकों, परीवेक्षकों तथा गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के सहयोग एवं निष्ठा के चलते सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं बेहद कुशलतापूर्वक संचालित की गईं, जिससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक साख एवं प्रवेश प्रक्रिया की पारदर्शिता फिर से प्रमाणित हुई।















