हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़। खेरेश्वर चौराहे पर 26 सितंबर की रात हुए बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता हत्याकांड में फरार चल रही 50 हजार की इनामी आरोपी पूजा शकुन पांडेय को पुलिस ने आखिरकार भरतपुर, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीमों को सूचना मिली थी कि पूजा शकुन एसआर ट्रैवल्स की बस से जयपुर से आगरा जा रही है। इस पर अलीगढ़ की रोरावर पुलिस, स्वॉट और सर्विलांस टीमों ने लोधा बाई टोल प्लाजा से एक किलोमीटर पहले सेवर रेलवे ब्रिज के पास चेकिंग कर बस को रोककर पूजा शकुन पांडेय को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद उसे अलीगढ़ लाकर महिला थाने और रोरावर थाने में पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, जब हत्या के बारे में पूछा गया तो पूजा शकुन ने जवाब दिया कि वह कोर्ट में अपने वकील के माध्यम से बयान देगी। सीडीआर रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अगस्त और सितंबर में पूजा शकुन की अभियुक्त फजल से 11 बार और अशोक पांडेय व फजल के बीच 27 बार कॉल हुई थी।
गौरतलब है कि 26 सितंबर की देर शाम खैर कस्बे के बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में अशोक पांडेय, पूजा शकुन पांडेय और अज्ञात शूटरों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। पुलिस पहले ही अशोक पांडेय, मोहम्मद फजल और आसिफ को जेल भेज चुकी है। पूजा शकुन की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस चार्जशीट की तैयारी में जुट गई है। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।













