हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
हिंदी शॉर्टहैंड परीक्षा में सभी उम्मीदवार असफल, सभी पद अगली भर्ती के लिए किए गए कैरी फॉरवर्ड
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा घोषित अपर निजी सचिव (APS)-2023 भर्ती परीक्षा का परिणाम बेहद चौंकाने वाला रहा। 331 रिक्त पदों के लिए आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया, लेकिन अंतिम चरण तक एक भी उम्मीदवार नहीं पहुंच सका। इसका कारण हिंदी आशुलेखन (शॉर्टहैंड) परीक्षा में सभी अभ्यर्थियों का असफल होना रहा।
आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, APS-2023 भर्ती का विज्ञापन वर्ष 2023 में जारी किया गया था। इस प्रतिष्ठित पद के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण के तहत लिखित परीक्षा का आयोजन 7 जनवरी 2024 को किया गया था, जिसका परिणाम 4 मार्च 2024 को घोषित हुआ।
5889 अभ्यर्थी पहुंचे दूसरे चरण तक
लिखित परीक्षा में सफल होने के बाद कुल 5889 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण यानी हिंदी आशुलेखन परीक्षा के लिए चयनित किया गया। यह परीक्षा 28 जून 2024 से 18 जुलाई 2024 के बीच लखनऊ में आयोजित की गई। इस चरण में अभ्यर्थियों को कम से कम 80 शब्द प्रति मिनट की गति से शॉर्टहैंड लिखना था, साथ ही शुद्धता का मानक भी पूरा करना आवश्यक था।
कोई नहीं पूरा कर सका निर्धारित मानक
आयोग के अनुसार, कोई भी अभ्यर्थी निर्धारित गति और शुद्धता के मानकों पर खरा नहीं उतर सका। परिणामस्वरूप किसी भी उम्मीदवार को तृतीय चरण के लिए सफल घोषित नहीं किया गया। तृतीय चरण में टाइपिंग, कंप्यूटर ज्ञान परीक्षा और साक्षात्कार शामिल थे।
UPPSC के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने पुष्टि करते हुए बताया कि आयोग ने परीक्षा के निर्धारित मानकों में किसी प्रकार की ढील नहीं दी है। इसी कारण सभी 331 पदों को अगली भर्ती प्रक्रिया के लिए कैरी फॉरवर्ड कर दिया गया है।
भर्ती परीक्षा के तीन चरण
- प्रथम चरण : लिखित परीक्षा
- द्वितीय चरण : हिंदी आशुलेखन (शॉर्टहैंड) परीक्षा
- तृतीय चरण : टाइपिंग, कंप्यूटर ज्ञान एवं साक्षात्कार
आयोग ने संकेत दिया है कि शॉर्टहैंड परीक्षा से संबंधित आगामी प्रक्रिया और नई तिथियों की घोषणा जल्द की जा सकती है।
#UPPSC #APS2023 #ShorthandTest #GovernmentJobs #UPPSCResult

















