हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑17 मई : 2025
उत्तर प्रदेश में पर्यटकों को अब जंगलों के बीच ट्रेन सफर का रोमांचक अनुभव मिलेगा। ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने विस्टाडोम कोच सेवा की शुरुआत की है। यह सेवा बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य से लखीमपुर खीरी के दुधवा टाइगर रिजर्व तक के 107 किलोमीटर लंबे जंगल क्षेत्र में संचालित की जा रही है। इस नई पहल से यूपी देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां वनों के बीच विस्टाडोम कोच सेवा शुरू की गई है।
पर्यटक सिर्फ ₹275 में इस रोमांचक जंगल सफारी ट्रेन यात्रा का आनंद ले सकते हैं। फिलहाल यह सेवा सप्ताह में केवल दो दिन – शनिवार और रविवार को उपलब्ध है, लेकिन पर्यटकों की रुचि और मांग को देखते हुए भविष्य में इसे सप्ताह के सातों दिन शुरू करने की योजना बनाई गई है।
विस्टाडोम कोच को Bichia to Mailani Tourist Passenger Train (No. 52259) में जोड़ा गया है। यह ट्रेन बहराइच के बिछिया स्टेशन से सुबह 11:45 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशनों से होती हुई शाम 4:10 बजे मैलानी स्टेशन पहुंचती है। वापसी में Mailani to Bichia Tourist Passenger Train (No. 52260) सुबह 6:05 बजे मैलानी से चलकर 10:30 बजे बिछिया पहुंचती है। इस ट्रेन का ठहराव बिछिया, मंझरा पुरब, खैराटिया बांध रोड, तिकुनिया, बेलरायन, दुधवा, पलिया कलां, भीरा खीरी और मैलानी स्टेशन पर होता है।
इस विस्टाडोम कोच से पर्यटक जंगलों, वेटलैंड, ग्रासलैंड, फार्मलैंड और वुडलैंड जैसे प्राकृतिक दृश्यों को करीब से देख सकेंगे। ट्रेन के कांच की छत और बड़ी खिड़कियां जंगलों की हरियाली, जैव विविधता और वन्यजीवों को देखने का शानदार अवसर प्रदान करेंगी। विशेष रूप से मानसून के मौसम में यह सफर और भी अधिक आकर्षक हो जाएगा।
पर्यटन विभाग के निदेशक प्रखर मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘One Destination, Three Forest’ नीति के तहत दुधवा नेशनल पार्क, कतर्नियाघाट और किशनपुर वन्यजीव अभ्यारण्य को एकीकृत किया गया है। विस्टाडोम ट्रेन सेवा इसी योजना का हिस्सा है, जो राज्य में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देगी।
यह सेवा होमस्टे मालिकों, रिसॉर्ट ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स के लिए भी नए अवसर लेकर आएगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। इसके साथ ही लखनऊ से कतर्नियाघाट तक के लिए एक विशेष पर्यटक पैकेज तैयार किया जा रहा है, जिसमें छूट की सुविधा भी शामिल की जा सकती है।
सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए युवा पर्यटन क्लब के अंतर्गत विशेष क्यूरेटेड टूर की योजना बनाई गई है, जिससे बच्चे प्रकृति और जैव विविधता के बारे में जान सकें। वहीं, विस्टाडोम ट्रेन और जंगल सफारी को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रमोट करने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और ट्रैवल ब्लॉगर्स के लिए फेम टूर भी आयोजित किए जा रहे हैं।













