हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
लखनऊ में ₹23 करोड़ से बनेगा बहुमंजिला बैरक, PRD का बजट भी बढ़कर ₹543 करोड़ हुआ
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (PRD) स्वयंसेवकों को योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित PRD सम्मेलन में दैनिक ड्यूटी भत्ता बढ़ाने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने और लखनऊ में बहुमंजिला बैरक के निर्माण समेत कई घोषणाएं कीं। सबसे अहम फैसला ड्यूटी भत्ते को लेकर हुआ। अब PRD जवानों को 500 रुपये के बजाय 600 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ करते हुए बताया कि प्रदेश के 31 हजार से अधिक स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को सरकारी तथा इम्पैनल्ड अस्पतालों में हर साल पांच लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। परिवार को शामिल करने पर योजना से करीब 1.55 लाख लोग लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 10 स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए।
2017 के बाद तेजी से बढ़ी सुविधाएं
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1948 में गठित PRD के स्वयंसेवकों को लंबे समय तक 250 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता रहा। वर्ष 2019 में इसे 375 रुपये, 2022 में 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये किया गया। अब इसमें 100 रुपये की बढ़ोतरी कर 600 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि PRD स्वयंसेवक कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन, चुनाव ड्यूटी, आपदा राहत और बड़े आयोजनों में पुलिस-प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती जिम्मेदारियों के चलते कई बार ड्यूटी के लिए स्वयंसेवक कम पड़ जाते हैं।
लखनऊ में ₹23 करोड़ का बहुमंजिला बैरक
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर से रिमोट के माध्यम से लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का शिलान्यास किया। वहीं राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने बताया कि 2017 से पहले PRD का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है। सरकार का दावा है कि बढ़े बजट और नई सुविधाओं से PRD स्वयंसेवकों की कार्यक्षमता और कल्याण दोनों को मजबूती मिलेगी।
#PRD #YogiAdityanath #UttarPradesh #CashlessTreatment #UPNews

















