हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
अखिलेश यादव ने 4,700 करोड़ की परियोजना पर भ्रष्टाचार के लगाए आरोप, NHAI बोला- मुख्य मार्ग नहीं धंसा, एक्सप्रेसवे पूरी तरह सुरक्षित
लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से पहले ही इसे लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि करीब 4,700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले ही धंस गया है। वहीं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे का कोई हिस्सा नहीं धंसा है और यह पूरी तरह सुरक्षित है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे लोगों को सुरक्षित और तेज यात्रा देने के लिए बनाए जाते हैं, न कि सफर के दौरान भगवान का नाम जपने के लिए। उन्होंने महाराष्ट्र की एक सड़क परियोजना का भी उल्लेख करते हुए भाजपा शासित राज्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसी परियोजनाएं जनता की सुविधा के लिए बन रही हैं या फिर ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए।
उधर, भाजपा ने इन आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी करार दिया। उन्नाव भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि विपक्ष विकास कार्यों को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई मामूली तकनीकी कमी है तो संबंधित एजेंसी उसे तुरंत ठीक करेगी, लेकिन उद्घाटन से पहले इस तरह के आरोप दुर्भावनापूर्ण हैं।
इस बीच, NHAI के परियोजना निदेशक नकुल प्रकाश वर्मा ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरें एक्सप्रेसवे के मुख्य कैरिजवे की नहीं, बल्कि सड़क किनारे की मिट्टी की हैं। उन्होंने कहा कि यह सामान्य रखरखाव का मामला था, जिसे समय रहते दुरुस्त कर दिया गया है। इससे एक्सप्रेसवे की संरचनात्मक मजबूती या यातायात सुरक्षा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
उन्होंने बताया कि सभी तकनीकी मानकों का पालन किया गया है और एक्सप्रेसवे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि सड़क पूरी तरह सुरक्षित है और उद्घाटन से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं।

















