हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 8 अप्रैल: 2025: अलीगढ़,
अलीगढ़, जिले के सभी दिव्यांगजनों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अब दिव्यांग पेंशन एवं कुष्ठावस्था पेंशन की धनराशि एकाउंट बेस्ड पेमेंट की जगह आधार बेस्ड पेमेंट के माध्यम से दी जाएगी।
इसके लिए दिव्यांगजनों को अपने बैंक खाते में DBT (Direct Benefit Transfer) के लिए एनपीसीआई (National Payment Corporation of India) मैपिंग कराना अनिवार्य है। दिव्यांगजन अपनी बैंक पासबुक, आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ 15 अप्रैल 2025 तक अपनी संबंधित बैंक शाखा में जाकर एनपीसीआई मैपिंग की प्रक्रिया पूर्ण कर लें।
उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों को मार्च 2025 की पेंशन प्राप्त नहीं हुई है, वे आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक के साथ विकास भवन स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय, कमरा नंबर 08 में किसी भी कार्यदिवस में उपस्थित होकर आधार प्रमाणीकरण अवश्य कराएं।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी लाभार्थी द्वारा आधार प्रमाणीकरण या एनपीसीआई मैपिंग नहीं कराई गई, तो निदेशालय स्तर से भविष्य में पेंशन की धनराशि उनके बैंक खाते में अंतरित नहीं की जाएगी। साथ ही, वर्ष 2025-26 के नए पेंशन आवेदनों में केवल एनपीसीआई मैप्ड बैंक खातों को ही संलग्न करना सुनिश्चित किया जाए।
दिव्यांगजन समय पर यह प्रक्रिया पूर्ण कर शासन की पेंशन योजना का लाभ निरंतर रूप से प्राप्त कर सकते हैं।
















