हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: 2 अप्रैल: अलीगढ़,
अलीगढ़, 02 अप्रैल 2025: जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलक्टरेट सभागार में तहसील स्तर पर लंबित राजस्व वादों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे लेखपालों द्वारा किए जा रहे कार्यों की साप्ताहिक मॉनिटरिंग करें और राजस्व वादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकरण को निरस्त करने से पहले उसकी गहन जांच कर आख्या प्राप्त की जाए, ताकि वही मामले बार-बार सामने न आएं। तहसील स्तरीय न्यायालयों में लंबित धारा 24, 34, 67, 80, 101 एवं 116 के प्रकरणों को अगले 2-3 दिनों में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम समाज की भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के निर्देश
डीएम ने ग्राम समाज में चकरोड़, तालाब और चारागाह की भूमि को प्राथमिकता से कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल कटाई के बाद खेत खाली हो जाएंगे, जो अवैध कब्जे हटाने के लिए उचित समय है। आवासीय जमीनों पर मानवीयता एवं संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने के आदेश
फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कहा कि शासन द्वारा इसे पूरा करने के लिए 30 अप्रैल तक का समय दिया गया है, जिसमें करीब 2 लाख किसानों का पंजीकरण किया जाना है। एडीएम प्रशासन को निर्देशित किया गया कि तहसीलवार प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर प्रगति की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में आईजीआरएस संदर्भ, सीमा स्तंभों का चिन्हांकन, मुख्य देयों की वसूली, ऑडिट आपत्तियों का समाधान, चकबंदी वादों के निस्तारण और शत्रु संपत्तियों के विवरण समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एडीएम वित्त मीनू राणा, एडीएम न्यायिक अखिलेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट राम शंकर समेत सभी एसडीएम, एसीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।















