हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: अलीगढ़, 29 मार्च 2025: जिला सूचना कार्यालय में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत वरिष्ठ लेखाकार कृष्ण कुमार कुलश्रेष्ठ को उनकी सेवाओं से मुक्त करते हुए भावभीनी विदाई दी गई। श्री कुलश्रेष्ठ वर्ष 2018 में इसी कार्यालय से सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए विभाग ने उन्हें पुनः आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त किया था।
हाल ही में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उन्होंने कार्यालय आने में असमर्थता जताई और आगे कार्य न करने का प्रार्थना पत्र दिया। इस पर सहायक निदेशक संदीप कुमार ने उन्हें माल्यार्पण कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि श्री कुलश्रेष्ठ के अनुभवों से कार्यालय को अपार लाभ मिला और उनका पुनः सेवानिवृत्त होना विभाग के लिए अपूर्णनीय क्षति है।
इस अवसर पर प्रचार सहायक सौरभ शर्मा, माधव शर्मा, तेजप्रकाश पुण्ढ़ीर, अनीता भारद्वाज एवं पवन कुमार ने भी श्री कुलश्रेष्ठ के दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें सम्मानित कर विदाई दी।
















