हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: अलीगढ़, 29 मार्च: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के लॉ फैकल्टी के पांच छात्रों की एक टीम ने 6वीं एससीसीए अंतर्राष्ट्रीय अरबी मूट प्रतियोगिता 2024-25 में भाग लिया। इस टीम में जमील जौहर, मोहम्मद अब्दुल्ला, जमाल अहमद, मोहम्मद अबूजार और अब्दुल्ला हसन खान शामिल थे। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता किंग सऊद विश्वविद्यालय, रियाद, सऊदी अरब में रियाद अंतर्राष्ट्रीय विवाद सप्ताह 2025 के दौरान सऊदी सेंटर फॉर कॉमर्शियल आर्बिट्रेशन द्वारा आयोजित की गई।
यह पहली बार है जब एएमयू की किसी मूट कोर्ट टीम ने अंतर्राष्ट्रीय अरबी भाषा मूट प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में 24 देशों की 154 टीमों ने भाग लिया, जिनमें से कई अनुभवी अरब टीमें भी शामिल थीं। एएमयू टीम ने अपने उत्कृष्ट कानूनी कौशल का प्रदर्शन करते हुए कई प्रतिस्पर्धी टीमों को पीछे छोड़ दिया।
टीम ने ‘प्लेंटीफ्स मेमोरेंडम’ श्रेणी में 48वां स्थान प्राप्त किया और ‘असाधारण प्रदर्शन पुरस्कार’ से सम्मानित हुई। यह एएमयू के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय एएमयू प्रशासन को दिया और रियाद स्थित एएमयू ओल्ड बॉयज एसोसिएशन का भी आभार व्यक्त किया, जिनकी मेहमाननवाजी और आर्थिक सहायता से इस प्रतियोगिता में उनकी भागीदारी संभव हो सकी।
















